नागरिकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका: प्रतीक हुड्डा

टोहाना / 27 जुलाई / न्यू सुपर भारत
एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने टोहाना उपमंडल के समस्त पत्रकारों व छायाकार साथियों का बाढ़ के दौरान प्रशासन के साथ मिलकर सराहनीय योगदान के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। प्राकृतिक आपदा के मुश्किल समय में, पत्रकार व छायाकार साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, नागरिकों को सही जानकारी पहुँचाने में महत्वपूर्ण मदद की।
एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने वीरवार को नगरपरिषद कार्यालय टोहाना के मिटिंग हाल में मीडियाकर्मियों के साथ बैठक में उनके साहस, समर्पण और निष्ठा को सराहा। उन्होंने कहा कि सभी मीडियाकर्मियों ने प्राकृतिक आपदा के समय नागरिकों को पानी के स्तर, राहत सामग्री, सड़कों को लेकर सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जिसके कारण इस प्राकृतिक आपदा पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया। उन्होंने कहा कि हर प्रस्थिति में मीडिया का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि घग्गर के जलस्तर में अभी उतार चढ़ाव की स्थिति है, खेतों में लगभग दो फुट पानी है कुछ क्षेत्रों में तीन फुट पानी है जो कि उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में उतर जाएगा। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मी, किसानों, मनरेगा मजदूर, सामाजिक संस्थाएं व अन्य नागरिकों के सहयोग से प्रशासन रिहायशी इलाकों में पानी को रोकने में कामयाब रहा। उन्होंने इसके लिए मीडियाकर्मी, किसानों, मनरेगा मजदूर, सामाजिक संस्थाओं व अन्य सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
डीएसपी शमशेर सिंह ने मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार साथियों ने निस्वार्थ भाव से पानी में खड़े होकर नागरिकों तक स्टिक जानकारी पहुँचाई। उन्होंने कहा कि उपायुक्त मनदीप कौर एवं पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने समय रहते बाढ़ बचाव के पुख्ता प्रबंध किए। उन्होंने कहा कि दो तीन दिन पहले ही आपसी तालमेल से जाखल में बाढ़ बचाव केंद्र बनाकर स्थिति पर नियंत्रण किया गया। मीडियाकर्मियों ने एसडीएम प्रतीक हुड्डा व प्रशासन द्वारा समय रहते किय गए प्रबंधों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन ने दूसरे राज्यों से भी अच्छा तालमेल कर प्राकृतिक आपदा पर नियंत्रण किया।