प्रदेश सरकार वर्ष 2022 तक सभी के लिए आवास की दिशा में प्रयासरत***सुरेश भारद्वाज नगर निगम सोलन के लिए वर्ष 2020-21 में 07.50 करोड़ रुपए आवंटित

सोलन / 07 नवम्बर / न्यू सुपर भारत न्यूज़
शहरी विकास, नगर नियोजन, आवास, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार वर्ष 2022 तक सभी के लिए आवास की व्यवस्था करने के लिए प्रयासरत है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। सुरेश भारद्वाज आज यहां एकीकृत आवास एवं बस्ती विकास कार्यक्रम के तहत 23 लाभार्थियों को निर्मित आवासों का आवंटन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोन्धित कर रहे थे। उन्होंने आज लगभग 10 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण किया।
एकीकृत आवास एवं बस्ती विकास कार्यक्रम के तहत 9.63 करोड़ रुपए की लागत से 96 आवास निर्मित किए जा रहे हैं। ड्राॅ के माध्यम से 23 लाभार्थियों को आवास आवंटित कर दिए गए हैं। शेष लाभार्थियों को शीघ्र ही आवास आवंटित किए जाएंगे।

शहरी विकास मंत्री ने इससे पूर्व नगर परिषद सोलन वार्ड नंबर 11 में आॅस्टेªलियन विधि से निर्मित 02 जल भण्डारण टैंकों का लोकार्पण किया। इनके निर्माण पर लगभग 30 लाख रुपए व्यय हुए हैं। प्रत्येक जल भंडारण टैंक में लगभग 03 लाख लीटर पेयजल भंडारण किया जा सकता है।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सोलन शहर के विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने नगर परिषद का दर्जा बढ़ाकर नगर निगम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020-21 में नगर निगम सोलन के लिए 7.50 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। इस धनराशि में से नगर निगम सोलन को पहली किस्त के रूप में 02.82 करोड़ रुपए प्राप्त हो चुके हैं।

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जनसंख्या के बढ़ते दबाव और क्षेत्र विशेष की परिस्थिति के अनुरूप शहरीकरण हो रहा है। विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार इस दिशा में सत्त प्रयासरत है। सोलन प्रदेश के उन शहरों में से एक है जहां तीव्रतम विकास के साथ-साथ शहरीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में लोगों के लिए सुरक्षित पेयजल, ठोस एवं तरल कूड़ा-कचरा प्रबन्धन तथा मल निकासी की उचित व्यवस्था करना आवश्यक है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन क्षेत्रों को सुनियोजित आकार दिया जाना आवश्यक है जिनका शहरीकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मत राय से नगर परिषद सोलन का दर्जा बढ़ाकर नगर निगम किया गया है।

नगर नियोजन मंत्री ने कहा कि जन-जन तक विकास के लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से वर्तमान सरकार ने प्रदेश में एक साथ 03 नगर निगम सृजित किए हैं। सोलन के अतिरिक्त कांगड़ा जिला के पालमपुर और मण्डी को स्तरोन्नत कर नगर निगम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुनियोजित विकास एवं राज्य के प्रत्येक क्षेत्र को आवश्यकता के अनुरूप धन आवंटित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर निगम सोलन में केवल उन्हीं नए क्षेत्रों को सम्मिलत किया गया है जहां शहरीकरण हो चुका है। नए शामिल किए गए क्षेत्रों को 03 वर्ष तक नगर निगम का कोई कर नहीं देना होगा।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि सोलन के वार्ड नम्बर 11 में आॅस्ट्रेलियन तकनीक से जल भण्डारण टैंक निर्मित किए गए हैं। उन्होंने निरीक्षण के उपरांत पाया कि इस नई तकनीक से निर्माण करने पर जहां निर्माण लागत कम आई है वहीं निर्माण कार्य कम समय में पूरा हुआ है। इन जल भंडारण टैंकों के निर्माण से वार्ड नम्बर 11 के निवासियों को निर्बाधित जलापूर्ति होगी।

सुरेश भारद्वाज ने इन जल भण्डारण टैंकों के निर्माण के लिए भूमि दान करने के लिए स्थानीय निवासी योगेश मेहता और सुभाष शर्मा को सम्मानित किया।
विधानसभा चुनावों में सोलन से भाजपा के उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप ने नगर निगम सोलन तथ आवास आवंटन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा शहरी विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोलन जैसे विकसित होते शहर के लिए नगर निगम प्रदेश सरकार की ओर से अनुपम उपहार है।

इस अवसर पर नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सोलन शहर के विकास के लिए नगर निगम का दर्जा लाभदायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर बघाट बैंक सोलन के अध्यक्ष पवन गुप्ता, नगर परिषद सोलन की उपाध्यक्ष मीरा आनंद, पार्षदगण, ग्राम पंचायती शामती के प्रधान संजीव सूद, भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, उपाध्यक्ष चन्द्रकांत शर्मा, जिला भाजपा कार्यकारिणी आमंत्रित सदस्य रितू सेठी, शहरी विकास विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम, उपमंडलाधिकारी सोलन अजय यादव, अजय बंसल, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर उपस्थित थे।

.0.