Site icon NewSuperBharat

अपने घरों पर तिरंगा फहराकर दें अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि : दुष्यंत चौटाला

फतेहाबाद / 13 अगस्त / न्यू सुपर भारत

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हम देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, जिसके तहत प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराना है। इसे हर घर तिरंगा अभियान का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमें अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अमर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि देनी है। हमें उन वैज्ञानिकों को भी नमन करना है जिन्होंने हमें नासा जैसी संस्थाओं के समकक्ष लाकर खड़ा किया है।

उप मुख्यमंत्री श्री चौटाला शुक्रवार देर रात्रि फतेहाबाद से जजपा से प्रत्याशी रहे डॉ. वीरेंद्र सिवाच के निवास स्थान पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सदियों से अखंड रहा है और हमें इसकी अखंडता को बनाए रखना है। श्री चौटाला ने कहा कि प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने व नागरिकों की सुविधा के लिए प्रदेश के राशन डिपूओं पर करीब 20 लाख झंडों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति झंडा लेने के प्रति बाध्य नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय ध्वज फहराना हमारा कत्र्तव्य बनता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साधन संपन्न लोगों को चाहिए कि वे अपने आसपास रह रहे जरूरतमंद व्यक्ति को अपनी तरफ से झंडा भेंट करें। श्री चौटाला ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपना एक माह का वेतन हर घर तिरंगा अभियान में दिया है।

उन्होंने कहा कि हमें अमर शहीदों के साथ-साथ उन जवानों को भी नमन करना चाहिए जो फिलहाल देश की सीमाओं पर तैनात होकर हमारी रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें देश की आजादी से पहले जन्में लोगों से संपर्क करना चाहिए और उस समय के उनके अनुभव व देश के हालातों के बारे में जानकारी लेनी चाहिए कि हमारे पूर्वजों/बुजुर्गों ने कितनी यातनाएं झेली है और न जाने किस-किस प्रकार की मुसीबतों का सामना किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिन डिपो पर राशन की शर्त पर झंडा दिए जाने के मामले सामने आए थे, उनको नोटिस जारी कर दिए है। यदि भविष्य में वे अपनी गलती को दोहराते हैं तो उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। राशन डिपो पर झंडे पहुंचाने का मकसद सिर्फ लोगों की सुविधा के लिए किया गया है और भारत सरकार के निर्देशानुसार ही रेट तय किया गया है।

पत्रकारों से रूबरू होने से पहले उप मुख्यमंत्री श्री चौटाला ने इस दौरान जन समस्याएं व कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना। इस मौके पर जजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदान निशान सिंह, जजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लेगा, डॉ. वीरेंद्र सिवाच, जजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कुलजीत कुलडिय़ा, पंकज झाझड़ा, अजय संधू, जतिन खिलेरी, राकेश सिहाग, पवन चुघ व शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version