गाँधी जी के सपनो को साकार करने के लिए क्षेत्रवासी सफाई को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाये: डॉ सुरेन्द्र ठाकुर **** जेल परिसर की अहिंसा वाटिका में किया गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण।

नूरपुर 02 अक्टूबर( पंकज ) –
शुक्रवार को नूरपुर के एसडीएम डॉ सुरेंद्र ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर स्थानीय जेल परिसर की अहिंसा वाटिका में पुलिस विभाग द्वारा स्थापित गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इससे पहले उन्होंने मिनी सचिवालय में भी गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर तहसीलदार विपिन वर्मा ने भी माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। एसडीएम ने कहा कि गांधी जी आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने अपने समय में थे। उनके द्वारा दिये गए सत्य, अहिंसा और त्याग के विचार न सिर्फ देश के लिये बल्कि सम्पूर्ण मानवजाति के लिये प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को भी अपने जीवन का एक अहम हिस्सा माना था तथा उनके इन्हीं सपनों को साकार करने के लिये सम्पूर्ण राष्ट्र को स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ बनाने में लोगों की शत प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित बनाना जरूरी है।

उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवन में गांधी जी के आदर्शों का अनुसरण करने तथा उनके द्वारा दर्शाए गए मार्ग पर चलने का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सफाई को अपने जीवन का एक अहम हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर तहसीलदार विपिन वर्मा, एसएचओ भूपिंदर ठाकुर, सहायक जेल अधीक्षक विकास शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी अनुराधा, एसडीएम कार्यालय सुरजीत गुलेरिया, सन्नी डोगरा, राजीव कुमार सहित पुलिस व प्रशासन के लोग उपस्थित रहे।
फोटो केप्शन – अहिंसा वाटिका में स्थापित गाँधी जी की प्रतिमा व प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित करते डॉ सुरेन्द्र ठाकुर