निहाल चंद बने भाजपा के मंडी संगठनात्मक जिलाध्यक्ष

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम में मौजूद रहकर दिया आशीर्वाद, सभी नए मंडलाध्यक्ष से भी किया परिचय
मंडी / 05 जनवरी / राजन पुंछी /
भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला मंडी से पुनः निहाल चंद शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। रविवार को मंडी सर्किट हाउस में उनकी नियुक्ति की घोषणा चुनाव अधिकारी गगरेट से पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने की। इस अवसर पर पांच विधानसभा क्षेत्र में बनाये गए सभी मण्डलाध्यक्षों का भी परिचय करवाया गया और उनका भी फूलों का हार पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और सबका मार्गदर्शन किया। अपनी नियुक्ति पर जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने पार्टी शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित प्रदेश और जिला संगठन के नेताओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि दूसरी बार मुझे जो दायित्व पार्टी ने सौंपा है इस पर खरा उतरने और पार्टी को आगे ले जाने के लिए वे और ज्यादा मेहनत करेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिला आज संगठन पर्व में इस लिए बधाई का पात्र है कि सबसे ज्यादा 1 लाख 23 हज़ार सदस्य पार्टी ने यहां से बनाए हैं। पूरे प्रदेश में जहां 15 लाख से अधिक सदस्य बनाये गए वहीं अकेले पांच विधानसभा क्षेत्र वाले संगठनात्मक जिला मंडी ने इतने सदस्य बनाकर शीर्ष पर जगह बनाई है। यही नहीं सबसे ज्यादा 2500 सक्रिय सदस्य भी मंडी जिला से बने हैं जिसके लिए मंडी के कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मंडी आज पूरे प्रदेश में पहला ऐसा जिला है जहां पांचों विधायक भाजपा के हैं जबकि प्रशासनिक जिला मंडी के तहत हमारे 10 में से नौ विधायक हैं।