सांसद सुनीता दुग्गल ने सद्गुरु कृपा अपना घर के हॉल का किया उद्घाटन

फतेहाबाद / 29 अप्रैल / न्यू सुपर भारत
सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुनीता दुग्गल ने हांसपुर रोड स्थित श्री प्रणाली सदानंद सेवा ट्रस्ट भवन में सद्गुरु कृपा अपना घर के हॉल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। सांसद ने इस अवसर पर अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आश्रम में गऊओं को चारा और गुड़ भी खिलाया। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी जी महाराज ने सांसद सुनीता दुग्गल को तिलक लगाकर उनको केक खिलाकर आशीर्वाद दिया।
सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि यह मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि आज मैं ऐसे पवित्र स्थान पर अपना जन्मदिवस मना रही हूं जहां गौ और मानव कल्याण के लिए काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के अनुसार व्यक्ति के जन्म से लेकर मृत्यु तक 16 संस्कार आते हैं। हमें इस संस्कार को शुद्ध भावना के साथ मनाना चाहिए।
इस प्रकार के कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों की भावनाओं और दुआओं से व्यक्ति को तरक्की मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वामी सदानंद ट्रस्ट द्वारा जो गतिविधियां आयोजित की जा रही है वे मानव कल्याण और गौ सेवा कल्याण के लिए अनुकरणीय है।
ट्रस्ट गौ सेवा के लिए अनेक गौशालाओं का निर्माण करवा चुका है। इसके अलावा बेसहारा लोगों को आश्रय प्रदान करने के लिए सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम चला रहे हैं। हम सभी को उसमें अपेक्षित सहयोग देना चाहिए। सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि परमात्मा के आशीर्वाद और जनता के विश्वास पर वे देश की संसद में गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे इस पद की गरिमा को कायम रखेंगे और अपना संपूर्ण जीवन लोगों के कल्याण के लिए लगाएगी।
संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज ने सांसद को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ट्रस्ट के लिए उनका हमेशा सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट लोगों और गौ सेवा कल्याण के लिए काम कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा 107 गौशालाएं और 7 सद्गुरु कृपा आश्रम संचालित है। जनता का इसमें संपूर्ण सहयोग हमेशा मिलता रहा है।
इस अवसर पर चेयरमैन नरेश टिटू, शिवपुरी के प्रधान भीम आनंद, प्रमुख समाजसेवी देवीदयाल तायल, विनोद तायल, उप प्रधान नरेंद्र सिंगला, अशोक भुक्कर, सतपाल अरोड़ा, सुभाष अग्रवाल, सुरेंद्र मित्तल, जगजीत बंसल, अरूण सेठी, पवन तिवारी, रजत कांडा, डॉ. मुकेश, सुनील सचदेवा सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित थे।