Site icon NewSuperBharat

मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020

हिमाचल की 5 दशकों की स्वर्णिम यात्रा होगी महोत्सव की इस बार की थीम

मंडी / 30 जनवरी / एन एस बी न्यूज़

मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की थीम हिमाचल की 5 दशकों की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित होगी। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए कहा कि साल 2020 हिमाचल की पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती का वर्ष है, इसी के दृष्टिगत मंडी जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। गौरतलब है कि हिमाचल ने 25 जनवरी 1971 को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त किया था और हाल ही में 25 जनवरी 2020 को प्रदेश ने अपना 50वां पूर्ण राज्यत्व दिवस मनाया है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले के झंडूता में हुए राज्य स्तरीय समारोह में स्वर्ण जयंती पट्टिका का अनावरण भी किया था।

ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि इस साल 22 से 28 फरवरी तक मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में हिमाचल की 49 वर्षों के दौरान की सभी क्षेत्रों की अभूतपूर्व विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। इसे लेकर अन्य आयोजनों के अलावा एक बड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर इस दिशा में तैयारी करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग, एडीएम श्रवण मांटा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

स्मारिका प्रकाशन उपसमिति की बैठक
व्हीं दूसरी ओर, एसडीएम सदर निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में गुरुवार को मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की स्मारिका प्रकाशन उपसमिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।

निवेदिता नेगी ने समिति के सभी सदस्यों से इस बार स्मारिका को और रोचक, ज्ञानवर्धक व संग्रहणीय बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। उन्होंने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की थीम के अनुरूप लेखों के अलावा अन्य रोचक जानकारियों के समावोश व हिमाचल की 5 दशकों की विकास यात्रा और इसमें मंडी की भूमिका को दर्शाते चित्र संकलित करने को भी कहा।

बैठक में गैर सरकारी सदस्य वरिष्ठ पत्रकार खेमचंद शास्त्री, पुरूषोत्तम शर्मा, दिनेश शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, देवेंद्र कुमार राणा, प्रो. गौतम, एस.राज राजू, पारूल, जिला भाषा अधिकारी व जिला लोक संपर्क अधिकरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version