April 12, 2025

केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया ने भाजपा कार्यालय नारायणगढ़ में कोविड-19 ऑक्सीजन बैंक का किया शुभारम्भ

0

नारायणगढ़ / 23 मई / न्यू सुपर भारत

   केंद्रीय जल शक्ति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया ने रविवार को भाजपा कार्यालय नारायणगढ़ में कोविड-19 ऑक्सीजन बैंक का शुभारम्भ किया। यह ऑक्सीजन बैंक वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुमन सैनी के नेतृत्व में तथा संयोजक अश्वनी अग्रवाल व सह संयोजक नरेंद्र राणा की देख रेख में जरूरतमंद कोविड मरीजों को ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर उपलब्ध करवाने का काम करेगा।


         सुमन सैनी ने बताया कि भाजपा कार्यालय नारायणगढ की तरफ से अभी यहां पर चार आक्सीजन कंसन्ट्रेटर उपलब्ध करवाए गए हैं और हैल्पलाईन नम्बर 01734 -287022, संयोजक अश्वनी अग्रवाल 9416429982 व सह संयोजक नरेंद्र राणा 9416375794 जारी किया गया है। जरूरतमंद कोरोना पीडि़त मरीज हैल्प लाईन पर फोन करके ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर की सुविधा ले सकते है। इसके लिए आधार कार्ड, डॉक्टर के परामर्श की पर्ची होना आवश्यक है। इसके अलावा मरीजों को मास्क, सैनेटाईजर भी उपलब्ध करवाए जाएगें। जरूरत के हिसाब से ओर ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर भी मंगवाए जा सकते है।


    केन्द्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा की ओर से सुमन सैनी व अश्वनी अग्रवाल की अगुवाई में कोरोना पीडित मरीजों के लिए ऑक्सीजन बैंक की शुरूआत की गई है। आज सारे देश के अन्दर कोरोना की दूसरी लहर के कहर को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता जन जन से सम्पर्क कर रहे है। चाहे सेवा रसोई के माध्यम से कोरोना पीडि़त परिवारों को भोजन उपलब्ध करवाने की बात हो, चाहे ऑक्सीजन, वैंटीलेटर, बैड उपलब्ध करवाने की बात हो। भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ कर सारे देश में काम कर रहे हैं।

हम सरकार व संगठन के तालमेल, जनता, कोरोना वॉरियस के सहयोग से धीरे-धीरे करके कोरोना महामारी की दूसरी लहर पर काबू पाने में सक्षम हो रहे है और कोरोना की जो सम्भावित तीसरी लहर की भविष्यवाणी की जा रही है उसको शुरू में ही दबा देने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों, सचिवों, डीएम, डाक्टरों व अन्य अधिकारियों के साथ लगातार ऑनलाइन बैठकें करके कोरोना महामारी के अंत के लिए काम कर रहे है। जहां कोरोना के अंत के लिए युद्ध स्तर पर काम हो रहा है। वहीं बीच में ब्लैक फंगस ने विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। ब्लैक फंगस की बिमारी का भी ईलाज करना है। हरियाणा ने ब्लैक फंगस के लिए केन्द्र से मदद मांगी है और इसके लिए विदेशों से दवाई मंगवाने के प्रबन्ध किये जा रहे है ।


   रतनलाल कटारिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बधाई देते हुए कहा की उनकी कड़ी मेहनत के कारण और उनके फ्रंटलाइन पर आकर काम करने से कोरोना महामारी पर काबू पाया जा रहा है । सरकार एक-एक जान के लिए दिन रात मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा की वे दु:ख के साथ कहना चाहते हैं की जहां प्रदेश की जनता राजनैतिक नेतृत्व के साथ बिमारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है वहीं भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, सुरजेवाला अपनी राजनैतिक रोटियां सेकने पर लगे हुए हैं और अपने आका राहुल गांधी, सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी को खुश करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साध रहे हैं। जनता अब समझ गई है कि कांग्रेस की करनी और कथनी में कितना अन्तर है।


      श्री कटारिया ने कहा की वे याद दिलाना चाहते हैं कि जब देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन की खोज की तो उस समय कांग्रेस के शशी थरूर, जयराम रमेश वैक्सीन का मजाक करते हुए उसे मोदी वैक्सीन कह रहे थे। अखिलेश यादव कहता था कि वह मोदी वैक्सीन नहीं लगवाएगें। आज वही नेता है जो कह रहे है कि देश में वैक्सीन की कमी है।

लेकिन देश में कहीं कोई वैक्सीन की कमी नहीं है। कमी है तो कांग्रेस व सहयोगियों की सोच में कमी है। यह राष्ट्रीय आपदा को राजनैतिक फायदे में प्रयोग करना चाहते हैं। आज सैकडों देश भारत की मदद के लिए आगे आ रहे है। वेंटीलेटर, ऑक्सीजन, दवाईयां भारत को दे रहे है। लेकिन कांग्रेस के लोग देश की छवि को बदनाम करने में लगे हुए हैं। देश इनको कभी माफ नहीं करेगा।


   पहले कांग्रेस ने राजनैतिक फायदे के लिए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों को भडकाने का काम किया। कृषि कानूनों पर राजनीति की। अब वह मुद्दा इनके हाथ से फिसल रहा है। आज किसानों को फसलों के दोगुने रेट मिल रहे है। सरसों का एम एस पी 4650 रूपए प्रति क्विंटल है लेकिन किसानों को 7 से 8 हजार प्रति क्विंटल रेट मिल रहा है। यह रेट गेंहू से भी दोगुने दाम का है। विरोधी कहते थे कि फसलों पर एमएसपी बन्द हो जाएगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंद्र सिंह कहते थे कि जब तक कृषि कानून रद्द नहीं किए जाते तब तक पंजाब में एक दाना भी एमएसपी पर नहीं खरीदा जाएगा। लेकिन उसी पंजाब में गेंहू एमएसपी पर बिका और पैसा सीधे किसानों के खातों में गया। एमएसपी पर पिछले साल के मुकाबले 30 प्रतिशत गेंहू फसल ज्यादा खरीदी गई है। किसानों को एमएसपी पर 72406 करोड रूपए का भुगतान किया गया है इसी कारण से किसानों ने गेंहू का रिकार्ड 109.2 लाख टन उत्पादन किया है।


    किसान संयुक्त मोर्चा ने प्रधानमंत्री को चि_ी लिखकर वार्ता करने की बात कही है। किसान देश के अन्नदाता है भगवान है। उन्होंने कहा की अगर कहीं कोई वास्तविक समस्या किसानो को है तो सरकार उसका समाधान करने को तैयार है। वह किसानों से हाथ जोड कर प्रार्थना करना चाहते है कि वार्ता के लिए वह ठोस प्रस्ताव लेकर जाए ताकि कोई निर्णय हो सके। यदि वह कृषि कानूनों को रद्द करने की बात पर ही अडे रहेंगें तो फिर वार्ता का कोई फायदा नहीं है।


   उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा की कार्यकर्ता प्रशासन के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर कोरोना वायरस के विरूद्ध लड़ाई लड़ रहे है। हम इस लड़ाई में कामयाब होगें। सच्चाई की जीत होगी और सोनिया गांधी व कांग्रेस पार्टी के झूठ की हार होगी।


   उन्होने कहा की कोविड-19 को लेकर यमुनानगर जिले की बैठक ली है। उन्होने दवाईयों के कालाबाजारी के मुद्दे को उठाया था। कल वह पंचकूला जिला की बैठक लेंगें और फिर अम्बाला जिला की भी बैठक ली जाएगी। वह प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेगें। उनका काम है मुद्दों को केन्द्र तक पहुंचाना और केन्द्र से राज्य सरकार की मदद करवाना।

   एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि दवाईयों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। यदि कोई कालाबाजारी की घटना होती है तो ऐसे लोगों के लाईसैंस रद्द किए जाएगें।


     इस अवसर पर नारायणगढ़ डी.एस.पी. अनिल कुमार, तहसीलदार दिनेश ढिल्लों, शिवालिक बोर्ड के सदस्य अश्वनी अग्रवाल, नारायणगढ़ मण्डल अध्यक्ष रणदीप सिंह बांका सैनी, मारकंडा मण्डल अध्यक्ष जसविंद्र बख्तुआ, शहजादपुर मण्डल अध्यक्ष संजीव गुज्जर, पूर्व नारायणगढ़ मंडल अध्यक्ष नवीन शर्मा, सांसद नायब सैनी के निजी सचिव सोहन लाल, संजीव घारू, स्वर्ण भरेड़ी खुर्द, संजीव कौशिक, कुलदीप सिंह दीपी, राजू मक्कड़, कुलवंत सिंह, नारायणगढ़ मण्डल महामंत्री पवन सैन माजरा, शहजादपुर मण्डल महामंत्री सुरेंद्र राणा बड़ी बस्सी, नरेंद्र गोंदी, संदीप सैनी अम्बली, कार्तिक बक्शी बड़ा गांव, नैब सैनी रज्जु माजरा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *