फतेहाबाद / 22 अक्टूबर / न्यू सुपर भारत
जवाहर नवोदय विद्यालय खारा खेड़ी के पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीष कुमार को ग्लोबल लाइब्रेरियन अवार्ड से नवाजा गया है। लाइब्रेरियन श्रीष कुमार को यह अवार्ड 28 अगस्त, 2021 को एकेएस एजुकेशन अवार्डस द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया। कोविड गाइडलाइंस का पालन करते हुये इस कार्यक्रम का आयोजन यद्यापि आभासी तरीके से किया गया किन्तु इसका संचालन बहुत ही व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से हुआ।
इसका सीधा प्रसारण यू-टयूब पर किया गया, जिसमें विश्व भर के कई शिक्षाविद उपस्थित हुए। कार्यक्रम में एकेएस एजुकेशन अवार्डस के सीईओ डॉ. दिनेश कामरा और डायरेक्टर महेश कामरा ने ग्लोबल लाइब्रेरियन अवार्डस से सम्मानित सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।
विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार सक्सेना ने इसे विद्यालय की एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय, खारा खेड़ी के लिए यह अत्यन्त ही हर्षोल्लास एवं गौरव का विषय है कि विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीष कुमार को एकेएस एजुकेशन अवार्डस द्वारा ग्लोबल लाइब्रेरियन अवार्डस से सम्मानित किया गया। विश्व भर में इस प्रकार का पहला सम्मान है जो पुस्तकालयाध्यक्षों को दिया गया है जिसमें विश्व भर के देशों के लगभग एक सौ पुस्तकालयाध्यक्षों को उत्कृष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया है।
प्राचार्य राजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि यह विद्यालय एवं जिले के लिये बड़े गर्व की बात है कि श्रीष कुमार जैसे पुस्तकालय अध्यक्ष मिले हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी श्रीष कुमार ने समस्त भारत के विद्यार्थियों तथा अध्यापकों को पुस्तकालय की समस्त सुविधायें ऑनलाइन रूप से ई-लाइब्रेरी के रूप में उपलब्ध कराई जिसका भरपूर लाभ विद्यार्थियों तथा शिक्षक समाज ने उठाया।
इस सम्मान को पाकर न केवल अपने विद्यालय का नाम ऊंचा किया है अपितु सम्पूर्ण नवोदय विद्यालय समिति का भी नाम रोशन किया है, क्योंकि देशभर के सभी 661 नवोदय विद्यालयों में से वो एक मात्र पुस्तकालयाध्यक्ष हैं जिन्होंने ये सम्मान प्राप्त किया है।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक पीजीटी रसायन विज्ञान डॉ. एके अग्रवाल ने कहा कि मैंने अपने 27 वर्ष के कार्यकाल में श्रीष कुमार जैसा समर्पित पुस्तकालयाध्यक्ष नहीं देखा। बच्चों के प्रति इनके कार्य का समर्पण देखते ही बनता है। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने इस उपलब्धि पर पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीष कुमार को बधाई दी।