मानव सेवा और गौ सेवा सबसे उत्तम सेवा : कृषि मंत्री जेपी दलाल

फतेहाबाद / 16 अप्रैल / न्यू सुपर भारत
हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने जिला फतेहाबाद में अपने दौरे के दौरान श्री कृष्णा प्रणामी गौवंश अनुसंधान संस्थान का निरीक्षण किया और गौशाला के प्रबंधन बारे जानकारी ली। उन्होंने गौमाता को गुड़ भी खिलाया। इसके अलावा कृषि मंत्री ने आश्रम में रह रहे मंदबुद्धि व्यक्तियों का हालचाल जाना भी जाना। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, विधायक दुड़ाराम, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा भी मौजूद रहे।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि मानव सेवा और गौ सेवा सबसे उत्तम सेवा है। कृषि मंत्री ने गौशालाओं में नस्ल सुधार के लिए काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि गौशालाएं नस्ल सुधार के लिए आगे आए, इस कार्य में सरकार भी उनकी हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाएगी।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व बेसहारों की निस्वार्थ भाव से सेवा करना पुण्य का कार्य है। समाज के हर व्यक्ति को इसमें अपना योगदान देना चाहिए। कृषि मंत्री ने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया और कहा कि गौशालाएं गऊ के गोबर, मूत्र से बनने वाले उत्पाद बनाकर आमदनी कर सकती है। इसके लिए जरूरी उपकरण पर सरकार भी सहायता राशि प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि गौशालाएं गोबर गैस प्लांट लगाए उसके लिए गोसेवा आयोग द्वारा सहायता दी जाएगी। गौशाला में गो आधारित प्रोडक्ट देखकर कृषि मंत्री ने खुशी जाहिर की। उन्होंने स्वामी सदानंद महाराज जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे संत समाज के अंदर मानव सेवा और गौ सेवा की अलक जगाकर सेवा भावना का कार्य कर रहे हैं।
इस मौके पर प्रमुख समाजसेवी विनोद तायल व अशोक भुक्कर ने बताया कि जो लोग सडक़ों पर पड़े रहते हैं उनका कोई वाली वारिश नहीं हो तो उन लोगों को यहां लाकर उनकी सेवा की जाती है। ऐसे जरूरतमंद लोगों को समय-समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि यहां मानव सेवा के साथ गोसेवा व गौ चिकित्सा भी है। गौ चिकित्सा केंद्र में जो गौमाता रोड पर एक्सीडेंट हो जाती है उनका यहां लाकर ईलाज किया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां गो आधारित प्रोडक्ट बनाने जाते हैं जिस से गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इस मौके पर भाजपा महामंत्री जगदीश शर्मा, रेखा कक्कड़, दयानंद गुप्ता, सुरेंद्र मित्तल, नरेन्द्र सिंगला, पवन गुप्ता आदि गोभक्त उपस्थित रहे।