बिलासपुर / 6 दिसम्बर / न्यू सुपर भारत
होमगार्ड की पांचवी वाहिनी द्वारा आज प्रशिक्षण मैदान दनोह में 59वां गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस मनाया गया।समारोह की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने कहा कि 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान जान-माल की भारी क्षति को देखते हुए देश व प्रदेश की अतिरिक्त सुरक्षा को बनाए रखने के लिए होमगार्ड संगठन की स्थापना की गई थी और तब से गृह रक्षक पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश और प्रदेश के लिए अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि गृह रक्षा पांचवी वाहिनी के जवानों व अधिकारियों ने बेहतरीन सेवाओं की मिसाल पेश करते हुए सात राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त कर कर्तव्य निष्ठा का परिचय दिया है। इसके अतिरिक्त गृह रक्षा के जवानों ने कई संवेदनशील मौकों तथा दुखद दुर्घटनों, प्राकृतिक व मानव निर्मित आपदा के दौरान भी तत्परता के साथ अपने कार्य का निर्वाह किया है।
उन्होंने कहा कि गृह रक्षकों द्वारा कोविड-19 जैसे वैश्विक महामारी से निपटने के लिए कंटेनमेंट जोन व कोविड हेल्थ केयर सैंटरों में लगातार ड्यूटी देते हुए अहम भूमिका निभाई जा रही है।
इसके अतिरिक्त गृह रक्षा पांचवीं वाहिनी द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चला कर सामाजिक सरोकार हेतु भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने इस अवसर पर बेहतरीन सेवाओं, सांस्कृतिक और खेलों में उत्कृष्ट गृह रक्षकों को पुरस्कृत किया। इससे पूर्व उपायुक्त द्वारा परेड की सलामी ली गई।
कार्यक्रम के दौरान गृह रक्षकों ने आत्म रक्षा व सिविल डिफेंस का प्रदर्शन कर श्रोताओं को रोमांचित किया और सांस्कृतिक कलाकृतियों के साथ होमगार्ड बैंड की मधुर धुन से समा बांधे रखा।
स्थापना दिवस समारोह में बटालियन के आदेशक भीम सिंह जम्वाल ने कहा कि पांचवीं वाहिनी में 6 पुरुष, एक महिला व एक तकनीकी प्लाटून स्थापित की गई है जिसमें 595 गृह रक्षक कार्यरत है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत लक्ष्मी नारायण मंदिर बिलासपुर को गोद लिया गया है।
बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी जगदीश ठाकुर ने गृह रक्षकों के कार्यों की चर्चा करते हुए मुख्य अतिथि व अन्य पधारें सभी गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद व्यक्त किया।
समारोह में मुख्य अरण्यपाल वन वृत बिलासपुर अनिल कुमार शर्मा, उप निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क मण्डी ज़ोन मंजुला कुमारी, अग्निश्मन अधिकारी दीवान सिंह, सहित वाहिनी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।