Site icon NewSuperBharat

प्रदेश की ख़राब आर्थिक स्थिति के लिए पूर्व भाजपा सरकार ज़िम्मेदार : कांग्रेस

शिमला / 10 फरवरी / न्यू सुपर भारत /

विधायक मलेंद्र राजन और अजय सोलंकी ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछली भाजपा सरकार ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने के लिए ज़िम्मेदार है। दोनों विधायकों ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार संसाधन बढ़ाकर कर्ज की परंपरा को बंद कर हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। अगर मुख्यमंत्री रहते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश के संसाधन बढ़ाने पर ध्यान दिया होता तो आज हिमाचल प्रदेश ऋण की दलदल में न फंसता, इसलिए जयराम ठाकुर अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते हैं। वह सिर्फ मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

राजन और सोलंकी ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार खुद को डबल ईंजन की सरकार बताकर पूरे पांच साल तक लोगों को ठगने का काम करती रही लेकिन भाजपा ने प्रदेश हित में कुछ नहीं सोचा। राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर कर्ज लेकर चुनाव से छह महीने पहले 5000 करोड़ की रेवड़ियां बांटी और साधन संपन्न लोगों को भी सब्सिडी का फ़ायदा दे दिया, फिर भी प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को विधानसभा चुनाव 2022 में नकार कर कांग्रेस पार्टी को सत्ता सौंपी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनी तो पिछली भाजपा सरकार 75 हज़ार करोड़ रुपए का ऋण और कर्मचारियों की 10 हज़ार करोड़ रुपए की देनदारियां विरासत में छोड़कर गई।

विधायकों ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार संसाधन बढ़ाने पर ज़ोर दे रही है क्योंकि कोई भी प्रदेश सिर्फ़ कर्ज के सहारे नहीं चल सकता। मुख्यमंत्री के प्रयासों से राज्य की आय में बढ़ौतरी हो रही है। राज्य सरकार ने एक्साइज़ पॉलिसी, टूरिज़्म पॉलिसी, पावर पॉलिस और माइनिंग पॉलिसी में बदलाव करके लगभग 3 हज़ार करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है जो प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ है।

Exit mobile version