बहादुरगढ़ / 18 नवंबर / न्यू सुपर भारत
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे पी दलाल ने शुक्रवार को खंड के गांव रेवाड़ी खेड़ा में धर्मशाला का उद्घाटन किया और ग्रामीणों को संबोधित किया। श्री जे पी दलाल ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब व किसान हितैषी नीतियों को प्राथमिकता से लागू कर रही है। सरकार के खजाने पर पहला हक जरूरतमंद लोगों का बनता है। इसी सोच को सार्थक करते हुए प्रदेश में एक लाख 80 हजार से कम आय वाले नागरिकों को निशुल्क ईलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना मेंं शामिल किया जा रहा है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि ग्रामीण युवा एफपीओ बनाकर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, मत्स्य पालन, बागवानी आदि क्षेत्र मेंं अपना करियर बनाएं। खाद्य प्रसंस्करण में अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को कृषि उत्पादन से संबंधित रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक अनुदान आधारित योजनाएं बनाकर लागू की जा रही हैं। इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा।
जे पी दलाल ने कहा कि मोदी -मनोहर सरकार सबका साथ-सबका विकास की नीति पर आगे बढ़ रही है। सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। दुनिया भर में भारत की साख बढ़ रही है। दुनिया के अमेरिका, रूस जैसे अग्रणी देश भारत की ओर देख रहे हैं कि भारत किस विषय पर क्या स्टैंड लेगा। यह बहुत बड़ा बदलाव है। विदेशों मेंं रह रहे भारतीयों का मान सम्मान बढ़ा है।
कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव की प्रमुख मांगों सिंचाई के लिए नहर आदि के निर्माण कार्य को भी सिलसिलेवार पूरा किया जाएगा। गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने कृषि मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विक्रम कादियान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश नांदल, सरपंच रणवीर , सज्जन दलाल, सरपंच विनोद छुडानी, दीपक दलाल छारा सहित अन्य गणमान्य लोग व ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एसडीएम अनिल कुमार यादव, बीडीपीओ राजाराम, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ मनीष डबास, उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ सुनील कौशिक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।