अपनी शक्ति पहचानें महिलाएं, देश-समाज को आगे बढ़ाने में दें योगदान: डॉ. साधना ठाकुर

सुंदरनगर, (मंडी) / 21 दिसम्बर/ पुंछी
राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर ने महिलाओं से अपनी शक्ति पहचानने और उसे समाज व देश को आगे बढ़ाने में लगाने का आह्वान किया है।

उन्होंने शनिवार को सुंदरनगर में जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि नारी की पहचान शक्ति के रूप में है, जिस तरह महिलाएं सूझ बूझ से घर परिवार चलाती हैं, उसी तरह समाज को आगे ले जाने में भी अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझना जरूरी है। समाज ने हमें क्या दिया का भाव रखने की बजाए हम समाज के लिए क्या योगदान कर सकते है इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

गांव गांव पहुंचेंगी रेडक्रॉस सेवाएं
डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि रेडक्रॉस गतिविधियों एवं इसके जरिये दी जाने वाली सुविधाओं व सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। रेडक्रॉस के जरिए गांवों में मल्टीस्पेसिएलिटी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लोगों को रेडक्रॉस गतिविधियों से जोड़ने को लेकर प्रयास किए जाएंगे।
रेडक्रॉस के लिए करें उदारतापूर्वक अंशदान
राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्ष ने लोगों से रेडक्रॉस गतिविधियों के लिए उदारतापूर्वक अंशदान की अपील की। कहा कि जनता द्वारा दिया गया दान समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद में लगता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रास मेले जिला मुख्यालयों की बजाए अन्य स्थानों पर मनाने के प्रयास किये जा रहे हैं ताकि लोग इसके बारे जानें और जुडें।

ब्रैस्ट कैंसर की जागरूकता को चले महाअभियान
डॉ. साधना ठाकुर ने ब्रैस्ट कैंसर को लेकर महिलाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया। कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मंडी के हर विधानसभा क्षेत्र में ब्रैस्ट कैंसर को लेकर सर्वे करवाए ताकि इसके खतरे का सही अंदाजा हो सके और महिलाएं सही समय पर जांच करवा पाएं।

नशा मुक्त हिमाचल बनाने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी
उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशाखोरी की प्रवृति पर चिन्ता जताते हुए इस समस्या के निराकरण के लिए मिलकर प्रयास करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का नशा मुक्त हिमाचल बनाने पर विशेष जोर है। इसके लिए सबको मिलकर काम करना होगा। बच्चों को अच्छे संस्कार और सही गलत में भेद की शिक्षा देना जरूरी है। जरूरी है कि अभिभावक बच्चों को समय दें, उनके मन के भावों को समझें, उनसे संवाद करें ताकि वे इस प्रवृति की ओर जाने से रुकें।

स्त्री अभियान के लिए थपथपाई पीठ
डॉ. साधना ठाकुर ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मंडी जिले में चलाए गए स्त्री अभियान की सफलता पर उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर और जिला प्रशासन की पूरी टीम की पीठ थपथपाई। गौरतलब है कि महिला सशक्तिकरण व सकारात्मक सामाजिक बदलाव को समर्पित इस अभियान को साल 2018 में रेडक्रॉस मेले के दौरान डॉ साधना ठाकुर ने ही शुरू किया था।
डॉ. साधना ठाकुर ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लिए जिले को इस साल मिले 2 राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए भी प्रशासन और मंडी जिले की समस्त जनता को बधाई दी।