हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा की हैट्रिक

शिमला / 4 जून / न्यू सुपर भारत
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने लोकसभा की चारों सीटों पर जीत दर्ज की है। प्रदेश में भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए चारों सीटों पर विजय हासिल की है। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में 2014 और 2019 की तरह इस बार भी जीत की हैट्रिक लगाई।

हमीरपुर संसदीय सीट से अनुराग ठाकुर ने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा को 182357 मतों से हराया। अनुराग ठाकुर को 607068 मत पड़े। जबकि सतपाल रायजादा को 424711 मत पड़े।

कांगड़ा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ राजीव भारद्वाज ने कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को 251895 मतों से हराया। बता दे की भाजपा प्रत्याशी डॉ राजीव भारद्वाज को 632793 मत पड़े जबकि आनंद शर्मा को 380898 मत पड़े।

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प रहा। मंडी लोकसभा सीट देश भर में हॉट सीट बनी रही। मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत और कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस सीट से कंगना रनौत ने विक्रमादित्य सिंह को 74755 मतों से हराया। भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत को 537022 मत पड़े। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को 462267 मत पड़े।

शिमला संसदीय सीट पर भी भाजपा ने जीत हासिल की। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने 91451 मतों से जीत हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी को हार का मुंह देखना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को 519748 और कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी को 428297 मत पड़े। बता दें की शिमला लोकसभा सीट से सुरेश कश्यप दूसरी बार सांसद चुने गए हैं।