वैक्सीनेशन का कार्य भारत में तेजी से जारी:- केन्द्रीय राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया

अम्बाला / 28 मई / न्यू सुपर भारत
अब बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिये उनके घर के नजदीक टीकाकरण केंद्र बनाने से सम्बंधित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पंचायत भवन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, कम्युनिटी सेंटर, पोलिंग बूथ व स्कूल कहीं भी टीकाकरण केंद्र स्थापित किया जा सकता है। वहां पर आने-जाने के लिए व्हीलचेयर से लेकर अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम भी करना होगा।
केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता एवं जल शक्ति राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसका स्वागत किया। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया की इसका लाभ देश के 10.40 करोड़ बुजुर्गों व 2.2 करोड़ दिव्यांगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय भी बुजुर्गों, दिव्यांगों व ट्रांसजेंडर के हितों के लिए दिशा निर्देश जारी करता रहा है।
राज्यमंत्री ने कहा कोरोना कॉल में राजनीतिक तौर पर भारत की छवि को खराब करने के लगातार प्रयास किये जा रहे है जबकि वास्तविकता इससे भिन्न है। हम 80 करोड लोगों को निशुल्क भोजन दे रहे हैं, पिछले वर्ष कई महीनों तक दिया गया और इस वर्ष भी कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण दे रहे हैं। हमने 40 करोड़ लोगों के बैंक खातों में पैसा भेजा है। इसके अतिरिक्त पिछले वर्ष 5 मिनी बजट केंद्र सरकार के द्वारा अनाउंस किए गए।
उन्होंने कहा कि भारत में विपक्षी दल व कुछ विदेशी ताकतें भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कोरोना से मौतों पर न्यूयॉर्क टाइम की रिपोर्ट का हवाला दिया। जिसमें भारत में मौतों को 13.14 गुना अधिक बताया गया है जोकि आधारहीन है। उन्होंने कहा न्यूयॉर्क टाइम्स की गणना के हिसाब से न्यूयॉर्क में पिछले साल 1.75 लाख मौतें हुई होंगी जबकि केवल 16000 मौतें रिपोर्ट की गई है।
राज्यमंत्री ने अमेरिका के साथ भारत के आंकड़ों की तुलना करते हुए बताया कि अमेरिका में अब तक 3.40 करोड लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि भारत में 2.74 करोड़ लोग संक्रमित हैं स अमेरिका में प्रति 10 लाख में 1822 मौतों के हिसाब से अब तक 6 लाख लोग शिकार हुए हैं जबकि भारत में प्रति 10 लाख में 227 के हिसाब से लगभग 3 लाख व्यक्ति कोरोना के शिकार हुए हैं। अमेरिका में सक्रिय केस 57 लाख हैं जबकि भारत में 24 लाख से कम केस सक्रिय हैं।
भारत का रिकवरी रेट 90.01 प्रतिशत है जो दर्शाता है कि यह रिपोर्ट कुछ ऐसे लोगों के दिमाग की उपज है जो भारत की छवि को खराब करना चाहते है और उनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। कटारिया ने कहा देश में तेजी से वैक्सीन की खुराक दी जा रही है, इसके फलस्वरूप भारत 20 करोड़ वैक्सीन की खुराक देने वाला अमेरिका के बाद दूसरा देश बन गया है। अमेरिका ने अब तक 28.7 करोड़ वैक्सीन की खुराक 162 दिन में लगायी है जबकि भारत ने 20.27 करोड़ वैक्सीन की खुराक 130 दिन में लगायी है जिससे साबित होता है कि कितनी तेजी से भारत अपने लोगो को वैक्सीन की खुराक दे रहा है।