September 28, 2024

जनभावनाओं के अनुरूप विकासात्मक दृष्टिकोण से आगे बढ़ रही है भाजपा : कौशिक *** पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने भाजपा के 41वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को किया प्रोत्साहित

0

बहादुरगढ़ 6 अप्रैल / NSB News

भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप विकासात्मक दृष्टिकोण लेकर आगे बढ़ रही है। राष्ट्र की एकता व अखंडता के साथ आमजन के हितों को सुरक्षित रखने का काम भाजपा संगठन द्वारा किया जा रहा है। पूर्व विधायक कौशिक मंगलवार को लाइनपार क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के 41वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। पूर्व विधायक कौशिक ने पार्टी के पुरोधा डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं.दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

साथ ही पार्टी का ध्वज भी अपने कार्यालय में फहराया।  पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास कायम करने के मूल मंत्र पर अग्रणी बनी हुई है। भाजपा ने देश को विकासात्मक बदलाव की ओर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं के बलबूते संगठित ढंग से पार्टी आगे बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है जिसमें बिना किसी भेदभाव के तथा परिवारवाद से दूर रहते हुए जनहित की सोच को सर्वोपरि माना जाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया कि सभी के सहयोग से आज भाजपा बड़े दल के रूप में देश में वर्चस्व कायम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता ही है कि हम खुद को भारत के परिवर्तन के प्रति समर्पित करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले 41 सालों के कार्यकाल में भाजपा ने कई उतार चढ़ाव देखे हैं लेकिन कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से और देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 2014 में पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनी और उसके बाद से भाजपा का जीत का सफर लगातार जारी है।  कौशिक ने कहा कि भाजपा आमजन की सच्ची हितैषी पार्टी है। हमेशा से ही परिवारवाद से दूर रहकर आमजन की भलाई के लिए कार्य पार्टी की ओर से किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी का सच्चा सिपाही है और जिस पार्टी का वर्कर मेहनती, ईमानदार और कर्मठ होगा,उस पार्टी का संगठनात्मक ढांचा अपने आप में मजबूत होगा। आज देश व हरियाणा प्रदेश में आमजन के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार आमजन की भलाई के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ आमजन को मिले,इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा तथा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में पार्टी जन-जन के बीच विशिट पहचान कायम कर रही है।  इस अवसर पर महेश कुमार, धर्मवीर वर्मा, शहरी मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, मांडौठी मंडल अध्यक्ष उमेश मान, कानौंदा मंडल अध्यक्ष सत्यवान छिक्कारा, अटल मंडल अध्यक्ष सचते कुमार, नरेश रोहिला, अशोक शर्मा, उमेश सहगल, नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र भारद्वाज, प्रमेंद्र जांगड़ा, आशा छिल्लर, कामिनी कायश, बाला, रेणू शर्मा, कैप्टन राम सिंह दलाल, बलवान खत्री सहित बहादुरगढ़ हलके के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन : बहादुरगढ़ लाइनपार क्षेत्र में भाजपा स्थापना दिवस पर पार्टी के पुरोधाओं को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करते पूर्व विधायक नरेश कौशिक।

 फोटो कैप्शन : लाइनपार क्षेत्र बहादुरगढ़ में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पूर्व विधायक नरेश कौशिक। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *