Site icon NewSuperBharat

नशे से दूर रहने में योग, व्यायाम व सैर मददगार ***नशा जागरूकता कार्यक्रम के तहत इंदिरा स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन.

ऊना / 07 दिसंबर / एन एस बी न्यूज़ नशे की रोकथाम के लिए आज इंदिरा स्टेडियम ऊना में एक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तहसील कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह दयाल ने बताया कि नशा एक धीमा जहर है जो कि मनुष्य के शरीर को धीरे-धीरे खोखला कर देता है जिससे शरीर में कई प्रकार की भयानक बीमारियां पैदा हो जाती हैं जिनका इलाज करवाना बहुत मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशा करने वाला व्यक्ति स्वयं तो मौत का ग्रास बनता ही है, अपने परिजनों के लिए भी दुख का कारण बन जाता है। उन्होंने बताया कि तबांकू में करीब 500 ऐसे रसायन होते हैं जो व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई।  जिला युवाएं एवं खेल विभाग से कोच भागीरथ ने कहा कि मनुष्य को अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन योगा, व्यायाम व सुबह की सैर करनी चाहिए। इससे स्वास्थ्य उत्तम रहता है तथा कई प्रकार की बीमारियों से भी मुक्ति मिल जाती है।पुलिस विभाग से एएसआई दर्शन सिंह ने कहा कि मनुष्य को खेल-कूद प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए क्योंकि इससे भी मनुष्य का शरीर हृष्टपुष्ट व स्वस्थ रहता है। इसके अलावा रमेश कुमार सैणी, मार्शल मैहता और यशकर्ण सिंह ने भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

Exit mobile version