April 28, 2025

हमेशा ऊंचे सपने देखें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें महिलाएं: अपराजिता चंदेल

0

नादौन / 13 मार्च / न्यू सुपर भारत

महिला एवं बाल विकास विभाग ने बुधवार को ग्राम पंचायत गाहली में उपमंडल स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित किया, जिसका शुभारंभ एसडीएम अपराजिता चंदेल ने किया। इस अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए एसडीएम ने कहा कि महिलाओं को सबसे पहले अपने सेहत का ख्याल रखना चाहिए। यदि वे स्वयं स्वस्थ रहेंगी, तभी वे एक स्वस्थ समाज का निर्माण करने में अपनी अहम भूमिका अदा कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अपनी सुरक्षा के बारे में जागरुक किया तथा कहा कि वे हमेशा ऊंचे सपने देखें तथा उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करें।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने भी महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न नियमों-अधिनियमों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे समाज को जागरुक करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने लिंगानुपात में सुधार के बारे में भी महिलाओं को जागरुक किया।

इससे पहले, बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों तथा सभी महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरुक किया तथा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की। पंचायत निरीक्षक पम्मी ठाकुर ने भी महिला दिवस पर अपने विचार रखे तथा महिलाओं को जागरुक किया।  कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए मटका फोड़, कुर्सी दौड़ और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करवाया गया तथा विजयी महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने वाली महिलाओं को भी पुरस्कार वितरित किये गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *